पंचकूला (कपिल नागपाल) : स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न करवाने के लिए पंचकूला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के निर्देश पर जिलेभर में महत्वपूर्ण स्थानों, अंतरराज्यीय सीमाओं, शहरी क्षेत्रों और कार्यक्रम स्थलों के आसपास विशेष पुलिस बल तैनात किया गया है।
डीसीपी पंचकूला अदिति सिंह ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत 655 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। अंतरराज्यीय बॉर्डर, शहर और कार्यक्रम स्थलों के आसपास कुल 31 विशेष नाके लगाए गए हैं, जहां वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही है।
सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में फ्लैग मार्च करने और बाजारों, सार्वजनिक स्थलों व संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। कालका में कार्यक्रम स्थल पर डॉग स्क्वॉड की मदद से कॉम्बिंग और सुरक्षा जांच की गई। कालका रेलवे स्टेशन पर भी डॉग स्क्वॉड के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने लोगों से संदिग्ध या लावारिस वस्तु को न छूने और तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन कर पुलिस का सहयोग करने को कहा।